Development is getting new momentum from PRAGATI portal: Chief Minister Pushkar Singh Dhami.
PRAGATI पोर्टल से विकास को मिल रही नई रफ्तार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
PRAGATI पोर्टल से विकास को मिल रही नई रफ्तार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून से खबर हैं _
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार (पीआईबी) देहरादून द्वारा आयोजित PRAGATI पोर्टल विषयक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड में संचालित विभिन्न केंद्रीय परियोजनाओं की प्रगति और उनके प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि PRAGATI (Pro-Active and Timely Implementation) पोर्टल को परियोजनाओं, योजनाओं एवं जन शिकायतों की त्वरित समीक्षा और समाधान के उद्देश्य से डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत शुरू किया गया था। यह पोर्टल भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं की निगरानी कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करता है, जिससे विकास कार्य तेज़ी से धरातल पर उतर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन, रेलवे, आईटी, स्वास्थ्य और हवाई सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। वर्तमान में उत्तराखण्ड में ₹3.50 लाख करोड़ के कुल निवेश वाली 42 परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है। इनमें से ₹1.22 लाख करोड़ की 15 हाई-वैल्यू परियोजनाओं की समीक्षा PRAGATI मैकेनिज्म के तहत की जा रही है। अब तक 10 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 32 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अंडर इम्प्लीमेंटेशन 32 परियोजनाओं में से 12 परियोजनाएं PRAGATI पोर्टल के अंतर्गत मॉनिटर की जा रही हैं। इनमें सड़क व राजमार्ग की 19, IT/ITES की 3, ऊर्जा उत्पादन की 3, रेलवे की 2 तथा कृषि, उद्योग-वाणिज्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, अपशिष्ट एवं जल प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

चार धाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देंगी, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। रेलवे लाइन के पूर्ण होने से मानसून के दौरान होने वाली आवागमन की समस्याएं भी काफी हद तक दूर होंगी।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी, धनोल्टी और देहरादून आने वाले पर्यटकों को बड़ा लाभ मिलेगा। जल विद्युत परियोजनाओं की भी PRAGATI पोर्टल के माध्यम से नियमित समीक्षा की जा रही है।
भागीरथी इको सेंसिटिव ज़ोन से जुड़ी बाधाओं पर उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर समाधान की दिशा में कार्य कर रही हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा SASCI योजना 2025-26 के तहत उत्तराखण्ड को ₹734 करोड़ की अतिरिक्त ऋण सहायता और शहरी भूमि सुधार के लिए ₹25 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इससे चालू वित्तीय वर्ष में SASCI योजना के अंतर्गत राज्य को मिली कुल सहायता ₹1,806.49 करोड़ तक पहुँच गई है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि यह सहायता “विकसित उत्तराखण्ड” के विज़न को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी।



