
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र, रानीखेत पहुंचकर अमर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि
रानीखेत से खबर हैं _
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र, रानीखेत पहुंचकर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों एवं अग्निवीरों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने रेजीमेंट केंद्र में प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, आधुनिक हथियार प्रणालियों तथा वीर नारियों के कल्याण हेतु संचालित गतिविधियों का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय सेना पहले से अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनी है। उन्होंने कहा कि आज हमारी सेना दुश्मनों की हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देते हुए देश की सीमाओं की मजबूती से रक्षा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों तथा अमर बलिदानियों के आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन और आर्थिक सहायता की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वीर परिवारों को हर स्तर पर सम्मान, सुरक्षा और संबल मिल सके।

मुख्यमंत्री ने सैनिकों और अग्निवीरों के राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।



