
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
घर का भेदी निकला लूट का मास्टरमाइंड, दून पुलिस ने 48 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा
देहरादून के राजपुर से खबर हैं_
एसएसपी देहरादून के सशक्त नेतृत्व में दून पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए राजपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई लूट की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए लूट गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह रही कि घटना का मास्टरमाइंड पीड़ित परिवार का पूर्व ड्राइवर ही निकला।

बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना
दिनांक 18 जनवरी 2026 की तड़के थाना राजपुर को सूचना प्राप्त हुई कि राजपुर रोड स्थित सांकिया हॉस्पिटल के पास एक आवास में बुजुर्ग महिला के साथ लूट की घटना हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को पीड़िता ने बताया कि 17 जनवरी की रात दो अज्ञात व्यक्ति कमरे में घुस आए और डराकर अलमारी में रखी ज्वैलरी, नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
पीड़िता के पुत्र श्री भुवन गांधी की तहरीर पर थाना राजपुर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
पूर्व ड्राइवर ने रची साजिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 जनवरी 2026 को किरसाली चौक से मालदेवता रोड के बीच तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त शफात अली ने खुलासा किया कि वह पूर्व में वादी के घर पर ड्राइवर था, जिसे कोरोना काल में नौकरी से हटा दिया गया था। उसे जानकारी थी कि घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं और बुजुर्ग महिला अक्सर अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साले नदीम और रिश्तेदार इश्तियाक के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

ऐसे दिया घटना को अंजाम
17 जनवरी की रात तीनों अभियुक्त वैगन-आर कार से मौके पर पहुंचे। घर के पीछे से दीवार फांदकर खुले वेंटिलेशन विंडो के जरिए घर में घुसे और बुजुर्ग महिला को डराकर करीब 8 लाख रुपये की ज्वैलरी, 1.54 लाख रुपये नकद और आईफोन लूट लिया।
शत-प्रतिशत बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से—
लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी
₹1,54,000 नगद
पीड़िता का आईफोन
घटना में प्रयुक्त वैगन-आर कार
बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्त
शफात अली (48 वर्ष) – पूर्व ड्राइवर
नदीम उर्फ गुड्डू (38 वर्ष)
इश्तियाक उर्फ कुल्ले (30 वर्ष)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस एवं एसओजी टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम

को इस त्वरित और सफल खुलासे के लिए सराहा है।
दून पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता।



