Republic Day celebration at Police Headquarters. DGP Uttarakhand Deepam Seth hoisted the tricolor flag.
पुलिस मुख्यालय में गणतंत्र दिवस की धूम। डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ ने फहराया तिरंगा झंडा।

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
पुलिस मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस।
डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ ने फहराया तिरंगा झंडा।
देहरादून से खबर हैं _
गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड, देहरादून में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड ने ध्वजारोहण कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक द्वारा फायर स्टेशन टनकपुर, जनपद चम्पावत को Best Fire Station की ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को “डीजीपी डिस्क गोल्ड” एवं “डीजीपी डिस्क सिल्वर” से सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि आज हम अपने महान संविधान के प्रति श्रद्धा और निष्ठा व्यक्त करते हुए देश का 77वाँ गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह वर्ष उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती का भी प्रतीक है और बीते 25 वर्षों में उत्तराखण्ड पुलिस ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुत्व के मूल्यों से प्रेरित होकर कानून के प्रभावी पालन एवं मानवाधिकारों के संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखा है।

उन्होंने गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर माननीय राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक, माननीय राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से अलंकृत सभी पुलिस कार्मिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि राज्य में पुलिसिंग के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया है, जिनमें आपदा राहत एवं बचाव कार्य, कानून-व्यवस्था, विवेचना, साइबर अपराध, मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई तथा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस खिलाड़ी शामिल हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा का शुभारंभ किया गया है। ये कर्मयोगी पर्दे के पीछे रहकर विभाग की कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाते हैं और उनका सम्मान श्रम व सेवा के प्रति सच्ची कृतज्ञता है।

समारोह की विशेषता युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जहाँ प्रशिक्षणाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक को संचालक तथा प्रशिक्षणाधीन पुलिस उपाधीक्षक को परेड कमांडर का दायित्व सौंपा गया। पुलिस महानिदेशक ने इसे भविष्य के नेतृत्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2026 में विभाग के विभिन्न रैंकों और संवर्गों में कुल 1106 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया है।
रजत जयंती के अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने भूतपूर्व एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों का विशेष रूप से अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी सेवा, त्याग और अनुभव के कारण ही आज यह संस्था सुदृढ़ रूप से खड़ी है।

कार्यक्रम में श्री अभिनव कुमार, महानिदेशक, अभिसूचना एवं सुरक्षा, श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्री ए.पी. अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन सहित समस्त पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक एवं पुलिस मुख्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




