
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रहे मुख्य अतिथि
देहरादून के परेड ग्राउंड से खबर हैं _
देहरादून के परेड ग्राउंड में सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 का समापन समारोह अत्यंत भव्यता एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।

समापन समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री भगत सिंह कोश्यारी, माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज एवं केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष पद्मश्री श्री प्रसून जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

समापन समारोह की सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। प्रसिद्ध लोकगायक इंदर आर्या, बी.के. सामंत, मनमोहन बटकोरा, रेशमा शाह एवं अरविंद राणा द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर लोक रंगों में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में महावीर लाल, अनुश्रिया गुलाटी, मनमोहन भारद्वाज, शशि थपलियाल, पुष्पा देवी, कन्हैया सिंह, संजना मंडल, अपर्णा पनेरू, चम्पा पांगती एवं राजमती देवी शामिल रहे।

समापन समारोह के पश्चात महोत्सव स्थल पर बृहद स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई, जिसके माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, विभिन्न विधायकगण, दायित्वधारी, सामाजिक कार्यकर्ता, कलाकार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों के लिए यादगार अनुभव प्रदान किया।



