Meeting with recognized national political parties in the Secretariat, emphasis on SIR and BLA appointment.
सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक, SIR और बीएलए नियुक्ति पर जोर.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक, SIR और बीएलए नियुक्ति पर जोर.
देहरादून से खबर हैं _
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में आज सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण), बीएलओ आउटरीच अभियान तथा बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की शत-प्रतिशत नियुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी एसआईआर की तैयारियों के तहत पूरे प्रदेश में बीएलओ द्वारा आउटरीच अभियान चलाकर वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है। अब तक प्रदेश में लगभग 79 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में बीएलए के सक्रिय सहयोग से यह प्रक्रिया और तेज की जा सकती है, जिसके लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में राजनीतिक दलों द्वारा कुल 15,437 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं। इनमें
भारतीय जनता पार्टी – 7,165
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस – 7,968
बहुजन समाज पार्टी – 117
सीपीआई (एम) – 187
जबकि आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी द्वारा अभी तक एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से फरवरी माह तक शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



