CM Dhami reached Pauri, inaugurated Nayar Valley Festival in Bilkhet, adventure tourism got a new flight.
सीएम धामी पहुंचे पौड़ी, बिलखेत में नयार वैली फेस्टिवल का किया शुभारंभ, साहसिक पर्यटन को मिली नई उड़ान।

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
बिलखेत में नयार वैली फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ, साहसिक पर्यटन को मिली नई उड़ान
पौड़ी/उत्तराखंड_
पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ किया।

महोत्सव के आगाज़ के साथ ही नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और एडवेंचर गतिविधियों की अपार संभावनाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई।

पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की घोषणा की। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकासखंडों में धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का ऐलान किया, जिनमें—

विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर
विकासखंड बीरोंखाल में कालिंका मंदिर
विकासखंड एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर
विकासखंड पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर
से जुड़े स्थलीय विकास कार्य शामिल हैं।
स्टॉल निरीक्षण और लाभार्थियों को किट वितरण

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने लाभार्थियों को किट और उपकरण वितरित किए तथा महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी रोमांचक गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नयार वैली प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध क्षेत्र है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद के समग्र विकास हेतु अनेक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और सड़क, बिजली, पेयजल, दूरसंचार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, विधायक राजकुमार पोरी, उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अणथ्वाल, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, विभिन्न ब्लॉक प्रमुख एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



