
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मुख्यमंत्री से बार एसोसिएशन देहरादून के प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार भेंट
देहरादून सीएम हाउस से खबर हैं _
देहरादून में पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में बार एसोसिएशन देहरादून के अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के समग्र विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सरकार न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए सराहनीय कदम उठा रही है। अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण, न्यायालय परिसरों में सुविधाओं के विस्तार और न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के प्रयासों की भी उन्होंने प्रशंसा की।
बैठक में नई आपराधिक संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिवक्ताओं का मानना है कि नई संहिताओं के लागू होने से न्याय प्रणाली अधिक मजबूत, त्वरित और जनोन्मुखी बनेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने में बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार न्यायिक अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। न्यायालय परिसरों के आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और ई-कोर्ट प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए कई अहम पहल की जा रही हैं। साथ ही, बार भवनों के निर्माण, पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण और अधिवक्ताओं के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन को सुलभ व त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिवक्ताओं और बार संगठनों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाएगा।



