
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
देहरादून में प्रधानमंत्री मोदी का होगा आगमन, तैयारियों में जुटी धामी सरकार।
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने आज मुख्यमंत्री आवास में 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री Narendra Modi के उत्तराखण्ड आगमन एवं दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेस-वे) के शुभारम्भ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर जन-उत्सव का रूप ले, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

संस्कृति की झलक होगी खास
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाए। गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोक नृत्य एवं परंपराओं को प्रमुखता दी जाएगी। साथ ही कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के समन्वय से आकर्षक बनाया जाएगा।
जनता से सहभागिता की अपील
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लें। प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान लोग राष्ट्रीय ध्वज के साथ शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव जैसा माहौल बनाएं। कार्यक्रम से पहले प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे:
दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में कमी आएगी
पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे
लॉजिस्टिक्स और निवेश को मजबूती मिलेगी
यह परियोजना उत्तराखण्ड के विकास इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष /राज्यसभा सांसद Mahendra Bhatt, संगठन महामंत्री अजय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



