Mahakumbh of water sports in Devbhoomi, Chief Minister inaugurated the 25th All India Police Water Sports Championship.
देवभूमि में जल खेलों का महाकुंभ, मुख्यमंत्री ने किया 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
देवभूमि में जल खेलों का महाकुंभ, मुख्यमंत्री ने किया 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए पुलिस बल के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखण्ड में स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर उत्तराखण्ड को मिला है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं।

इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी उपयोगी सिद्ध होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार जीवन रक्षक बनती है और आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाने में मदद करती है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता साबित की है और अब राज्य “देवभूमि” के साथ-साथ “खेलभूमि” के रूप में भी तेजी से उभर रहा है।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



