DM Savin Bansal’s Janata Darshan: Heard 170 complaints, relief on the spot in many cases.
डीएम सविन बंसल का जनता दर्शन: 170 शिकायतें सुनीं, कई मामलों में मौके पर ही राहत.

The Aman Times
देहरादून ब्यूरो_
डीएम सविन बंसल का जनता दर्शन: 170 शिकायतें सुनीं, कई मामलों में मौके पर ही राहत
देहरादून, 09 मार्च 2026।
देहरादून कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही समाधान करते हुए जरूरतमंदों को राहत प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, असहाय और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए और की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता तक भी पहुंचाई जाए।

फीस न होने पर परीक्षा से रोकी गई छात्रा को राहत
बंजारावाला निवासी कल्पना ने बताया कि उनकी बेटी विदुषी, जो Filefort Public School में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण फीस जमा नहीं कर पाई। इस कारण स्कूल प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा था।
इस पर डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय से समन्वय कर छात्रा को परीक्षा में बैठाने और प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत उसकी फीस जमा कराने के निर्देश दिए।

दिव्यांग पुत्र के इलाज के लिए आर्थिक मदद
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने आर्थिक तंगी और दिव्यांग बेटे के इलाज में असमर्थता की बात रखी। डीएम ने उन्हें रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने के साथ ही उनके दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत ₹4000 प्रतिमाह सहायता स्वीकृत की।
हादसे में घायल शमशाद को मदद
जवाहर कॉलोनी, बल्लूपुर निवासी शमशाद ने बताया कि 2023 की दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया और उनके पास आय का कोई साधन नहीं है। डीएम ने उन्हें रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने और वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

2017 से लंबित नहर निर्माण का मामला
चकराता तहसील के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने शिकायत की कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क निर्माण के दौरान उनकी कृषि भूमि और नहर को नुकसान हुआ था और नहर निर्माण के लिए ₹5.04 लाख की अवशेष राशि अब तक नहीं मिली।
डीएम ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देते हुए 12 मार्च तक समस्या के समाधान की लिखित तिथि तय करवाई।
विधवा का पेयजल बिल सटलमेंट
राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा ने बताया कि उनके पति की 2008 में मृत्यु हो चुकी है और मजदूरी से परिवार चलाती हैं। उन्हें ₹34,395 का पेयजल बिल मिला, जिसका भुगतान वह नहीं कर पा रही थीं।
डीएम ने उत्तराखंड जल संस्थान को बिल सटलमेंट करने और भुगतान रायफल फंड से करने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग पिता की शिकायत पर गुंडा एक्ट में वाद
गढ़ीकैंट डाकरा निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि उनका पुत्र नशे की लत के कारण आए दिन घर में हुड़दंग करता है। इस पर डीएम ने मामले में गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

बहू से प्रताड़ित बुजुर्ग दंपति को राहत
धर्मपुर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी पुत्रवधू द्वारा प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। डीएम के निर्देश पर उनके भरण-पोषण के लिए भरणपोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हर जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसएलएओ स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



