
The Aman Times
उत्तराखण्ड ब्यूरो_
ऐतिहासिक नगर परिक्रमा में उमड़ी आस्था, 25 हजार से अधिक संगतों ने लिया हिस्सा
देहरादून से खबर _
देहरादून में आयोजित ऐतिहासिक नगर परिक्रमा मंगलवार को भव्य आस्था और श्रद्धा के साथ निकाली गई।

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में निकली इस परिक्रमा में लगभग 25 हजार से अधिक संगतों ने भाग लिया।

नगर परिक्रमा सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब से शुरू हुई। जैसे ही परिक्रमा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, दूनवासियों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालु श्री गुरु राम राय जी महाराज और श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

यह नगर परिक्रमा सिद्धयोगी श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस और श्री झंडे जी आरोहण के तीसरे दिन आयोजित की जाती है। इस ऐतिहासिक परंपरा का स्वागत करने के लिए दूनवासी पूरे साल इंतजार करते हैं।

परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह भजन-कीर्तन, लंगर और खान-पान की विशेष व्यवस्था की गई थी। संगतों के स्वागत के लिए शहरभर में आकर्षक स्वागत द्वार भी बनाए गए थे।
परिक्रमा के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के अंत में श्री दरबार साहिब में अपराह्न 5 बजे मसंदों और संगत की विदाई की गई, जबकि शाम 6 बजे खुशी का प्रसाद वितरित किया गया।

यह ऐतिहासिक नगर परिक्रमा हर वर्ष झंडा मेला के अवसर पर देहरादून में श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।



