
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
देहरादून:
आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग के कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में शहरी विकास विभाग के तहत नीलकंठ महादेव मंदिर और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को स्वीकृति दी गई। नीलकंठ महादेव पार्किंग के लिए ₹5183.65 लाख और रामनगर के लिए ₹3857.64 लाख की लागत तय की गई है। मुख्य सचिव ने पार्किंग निर्माण में गाइडलाइंस के सख्त पालन, एंट्री-एग्जिट की बेहतर व्यवस्था और नीलकंठ क्षेत्र में जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
पेयजल विभाग की 3 बड़ी योजनाओं को भी मंजूरी मिली, जिनमें पीपलकोटी (₹2438.32 लाख), तिलवाड़ा (₹3986.24 लाख) और ऊखीमठ (₹2578.52 लाख) की पेयजल योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा लालकुआं नगर पंचायत में ₹37.95 लाख की लागत से सीवर लाइन परियोजना को भी हरी झंडी दी गई। ग्रेविटी आधारित योजनाओं में मीटर लगाने के निर्देश भी दिए गए।

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत काठगोदाम बाईपास मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के 3.5 किमी निर्माण और 75 मीटर स्पान के पुल (₹1177.93 लाख) को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर, रणवीर सिंह चौहान समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



