
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को Mall of Dehradun में बहुचर्चित फिल्म The Kerala Story 2 देखी।

इस दौरान उन्होंने फिल्म को समाज में घटित हो रही संवेदनशील घटनाओं को उजागर करने वाला एक सशक्त माध्यम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज को जागरूक करने के साथ-साथ लोगों को सोचने और समझने का अवसर भी प्रदान करती हैं। उन्होंने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक समरसता और जनसंख्या संतुलन को लेकर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर एक ऐतिहासिक पहल की है। उनके अनुसार यह कानून समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य में लागू सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून का भी जिक्र किया और कहा कि इससे अवैध एवं जबरन धर्मांतरण की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे जागरूक रहें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



