
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो
# मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में मॉडल प्राथमिक विद्यालय नगला तराई का किया लोकार्पण, आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ स्कूल
**स्टेम लैब, स्मार्ट क्लास और आधुनिक प्रयोगशाला से बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा; मुख्यमंत्री ने बच्चों से किया संवाद, बांटी चॉकलेट और उपहार**
**खटीमा (ऊधमसिंह नगर)।**
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा स्थित मॉडल प्राथमिक विद्यालय, नगला तराई के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग कर विद्यालय के पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ₹65.07 लाख की लागत से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में निर्मित मंच और परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास और प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट और उपहार वितरित किए तथा उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। मुख्यमंत्री का स्नेह देखकर बच्चे और ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईजीएल और विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक मॉडल स्कूल तैयार किया गया है। यह उनके लिए गौरव का विषय है। वर्तमान में विद्यालय में करीब 70 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यालय में पांच आधुनिक कक्ष तैयार किए गए हैं। साथ ही विशेष रूप से विकसित स्टेम लैब स्थापित की गई है, जहां विद्यार्थी खेल-खेल में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित की बारीकियां सीख सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश के 32 पीएम श्री विद्यालयों के लिए चार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। वहीं कक्षा एक से 12 तक के करीब 1.45 लाख विद्यार्थियों को नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए लगभग आठ करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए 11वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों के साथ महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी टैबलेट उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश के 87 माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल क्लास, 264 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और 16 माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने का कार्य भी प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शिक्षा संबंधी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पीएम श्री थारू राजकीय इंटर कॉलेज में तीन करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और विद्यालय के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा रुद्रपुर में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से जिला पुस्तकालय तथा खटीमा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए 152 राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा आठ से 10 तक के 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है। कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी के सपनों में बाधा न बने।

मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमांत गांवों को देश का पहला गांव बताया है। इन क्षेत्रों में कृषि, बागवानी, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के स्टार्टअप, रोजगार और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने मधुमक्खी पालन को भी स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला पंचायत सदस्य सूरज धामी, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा, दिनेश राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, इंडिया ग्लाइकोल के निदेशक आलोक सिंघल, राजेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



