Message of women empowerment in ‘Pahad Ki Naari, Desh Ki Shakti’ program.
पहाड़ की नारी, देश की शक्ति’ कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण का संदेश।

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
‘पहाड़ की नारी, देश की शक्ति’ कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण का संदेश
ऋषिकेश/देहरादून, 20 मार्च 2026।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश के सभागार में ‘पहाड़ की नारी, देश की शक्ति’ थीम पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रहे स्वामी राजराजेश्वरम, जिन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी के उच्च स्थान को रेखांकित करते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और अधिकार ही राष्ट्र की उन्नति का आधार है। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को आशीर्वाद देते हुए समाज सेवा में निरंतर योगदान की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े और महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है और इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।

महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आयोग का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़ी महिला तक न्याय और स्वरोजगार के अवसर पहुंचाना है। उन्होंने इसे नारी शक्ति के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, एम्स निदेशक डॉ. मीनू सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार साझा किए और महिलाओं की भूमिका को समाज निर्माण में अहम बताया।

इस दौरान सुरक्षा, शिक्षा, स्वरोजगार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 महिलाओं को सम्मानित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में अधिकारी, समाजसेवी और महिलाएं उपस्थित रहीं।



