Chief Minister listened to public problems, gave instructions to officials for quick solution
मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने जनसमस्याओं के साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे और विभिन्न सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप की समस्या को भी सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही ट्राईसाइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पू.मा.) शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखण्ड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति, हरिद्वार सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों, समस्याओं और सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का लक्ष्य है कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

इस अवसर पर विधायक महंत दिलीप रावत, किशोर उपाध्याय, अनिल नौटियाल, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर आनन्द स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
The Aman Times



