
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो_
हरिद्वार बना औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा: सीएम धामी
हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित 7वें CII उत्तराखण्ड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी होने के साथ-साथ उत्तराखण्ड के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। ऐसे आयोजन उद्योग, व्यापार, निवेश और नवाचार को साझा मंच उपलब्ध कराने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की आर्थिक प्रगति में उद्यमियों, व्यापारियों और निवेशकों की अहम भूमिका है। उद्योगों की स्थापना से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, तकनीक एवं नवाचार को प्रोत्साहन मिलता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यवस्था उपलब्ध कराना है। सरकार नियामक के बजाय सहयोगी और सहभागी की भूमिका में कार्य कर रही है।

29 हजार से अधिक नई MSME इकाइयां स्थापित
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त राज्य बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से राज्य में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना जैसी योजनाओं से लॉजिस्टिक्स सुविधाओं में भी सुधार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई MSME इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था की गई है। वहीं सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्टार्टअप के लिए 200 करोड़ का वेंचर फंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उत्तराखण्ड स्टार्टअप नीति के तहत स्टार्टअप्स को वित्तीय सहयोग देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,002 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
पहाड़ी जिलों में भी औद्योगिक विकास पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है, जबकि भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बिजनेस रिफॉर्म में उत्तराखण्ड टॉप अचीवर्स में
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है। बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में उत्तराखण्ड को ‘टॉप अचीवर्स’ श्रेणी में स्थान मिला है। वहीं एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में भी उत्तराखण्ड ने अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से उत्तराखण्ड में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं का लाभ उठाने तथा निवेश एवं रोजगार सृजन में भागीदार बनने का आह्वान किया।
पुलिस जवानों से भी मिले मुख्यमंत्री
इंडस्ट्रियल समिट में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों का हालचाल जाना और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी लगन और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। हरिद्वार में आयोजित इंडस्ट्री कार्यक्रम उत्तराखण्ड के औद्योगिक विकास को नया आयाम देगा। उन्होंने उद्योग जगत से गुणवत्ता और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिकनगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्य मंत्री आदेश सैनी, विक्रम भुल्लर, CII उत्तराखण्ड अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वाइस चेयरमैन सौरव दास, इंडस्ट्री सेक्रेटरी विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, प्रबंध निदेशक सिडकुल सौरव गहवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, निदेशक CII उत्तराखण्ड गौरव लांबा, चेयरपर्सन सोनिया, संदीप जैन सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



