
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तराखंड में जनगणना-2027 की तैयारियां पूरी, 1 दिसंबर से घर-घर होगी जनसंख्या गणना
**16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा, 34,443 गणना ब्लॉक किए गए निर्धारित**
देहरादून/उत्तराखंड _
उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक नागरिक आधिकारिक पोर्टल **se.census.gov.in** पर ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे।

जनगणना निदेशालय की प्रेस वार्ता में सचिव जनगणना दीपक कुमार और निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में जनगणना के लिए 34,443 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इसके लिए 26,830 प्रगणकों और 4,676 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। अब तक 29,515 प्रगणकों एवं 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों से संबंधित 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे। इसमें नाम, आयु, शिक्षा, व्यवसाय, धर्म, जाति, मातृभाषा और प्रवास सहित विभिन्न जानकारियां शामिल हैं। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित होगा।

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना में एकत्र व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से ऑनलाइन स्व-गणना का लाभ उठाने और प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।



