
The Aman Times
रुद्रप्रयाग ब्यूरो_
शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम के कपाट, 19 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचेगी उत्सव डोली
रुद्रप्रयाग/उत्तराखंड _
द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट सोमवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मद्महेश्वर धाम यात्रा का समापन हो गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया तथा भगवान के जयकारों से धाम गुंजायमान रहा।

कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को डोली गौण्डार गांव, 17 नवंबर को रांसी स्थित राकेश्वरी मंदिर और 18 नवंबर को गिरिया गांव पहुंचेगी। इसके बाद 19 नवंबर को डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।

शीतकाल के दौरान भगवान मद्महेश्वर की नियमित पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु अब शीतकाल में यहीं भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।



