
The Aman Times | खटीमा
मुख्यमंत्री धामी ने छठ महोत्सव में की पूजा-अर्चना, छठ घाट सौंदर्यीकरण कार्य का किया लोकार्पण
खटीमा/उधम सिंह नगर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग कर भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 14 स्थित संजय रेलवे पार्क के समीप नवनिर्मित छठ घाट सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ने का कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि खटीमा में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है, जिसका भूमि पूजन जल्द होगा। इसके अलावा सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और सीमावर्ती गांवों के विकास के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



