Blogउत्तराखंडजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनराजनीतिशिक्षासम्मान

Governor Gurmeet Singh inaugurated ‘Free Knowledge Fund’, said – there should be no distance in the access to knowledge.

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया ‘मुक्त ज्ञान कोष’ का लोकार्पण, बोले- ज्ञान की पहुंच में दूरी नहीं होनी चाहिए.

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया ‘मुक्त ज्ञान कोष’ का लोकार्पण, बोले- ज्ञान की पहुंच में दूरी नहीं होनी चाहिए

 

देहरादून/उत्तराखंड _

 

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने आज लोक भवन में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी द्वारा विकसित डिजिटल शैक्षणिक मंच ‘मुक्त ज्ञान कोष’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी और पूरी टीम को इस पहल के लिए बधाई दी।

राज्यपाल ने कहा कि ‘मुक्त ज्ञान कोष’ केवल एक डिजिटल मंच नहीं, बल्कि ज्ञान को समाज की शक्ति और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इस मंच की उपयोगिता और भी बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा, “पहाड़ में दूरी हो सकती है, लेकिन ज्ञान की पहुंच में दूरी नहीं होनी चाहिए।” राज्य के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री डिजिटल माध्यम से पहुंचाना समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विद्यार्थियों और शोधार्थियों को एक मंच पर मिलेगी सामग्री

 

‘मुक्त ज्ञान कोष’ में विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए अध्ययन एवं शोध से जुड़ी उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें विश्वविद्यालय की ई-पुस्तकों और अध्ययन सामग्री के साथ देश-विदेश के भरोसेमंद शैक्षणिक स्रोतों से जुड़ी सामग्री भी शामिल है।

इसके अलावा शिक्षकों के शोध कार्य, शोध-पत्र, शोध से संबंधित डेटा, शोध प्रबंध और विश्वविद्यालय से जुड़ी ज्ञान सामग्री भी इस डिजिटल मंच पर उपलब्ध होगी। अन्य मुक्त शैक्षणिक संसाधनों को खोजने की सुविधा भी इसमें दी गई है।

 

राज्यपाल ने कहा कि ज्ञान की पहुंच बढ़ने से अवसरों का विस्तार होगा और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण ज्ञानवान, कुशल, चरित्रवान और जिम्मेदार नागरिकों से होगा। शिक्षा में किया गया प्रत्येक निवेश राष्ट्र के भविष्य में निवेश है।

 

इस अवसर पर अपर सचिव राज्यपाल श्रीमती रीना जोशी, कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, कुलसचिव खेमराज भट्ट सहित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

 

The Aman Times | देहरादून

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button