Big decision of Dhami government regarding road improvement across the state.
प्रदेशभर में सड़क सुधार को लेकर धामी सरकार का बड़ा फैसला.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
प्रदेशभर में सड़क सुधार को लेकर धामी सरकार का बड़ा फैसला
देहरादून/उत्तराखंड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेश की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर व्यापक चर्चा हुई। सरकार ने शहरी निकायों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने PWD, PMGSY समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। PMGSY की ऐसी पुरानी सड़कें, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है, उनके सुधार के लिए राज्य सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। इसके लिए निविदा प्रक्रिया समेत सभी जरूरी तैयारियां अभी से पूरी करने को कहा गया है, ताकि बारिश के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में कोई देरी न हो।

शहरी क्षेत्रों की खराब सड़कों को सुधारने के लिए स्थानीय निकायों को भी आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य निकाय क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अक्टूबर माह से वह स्वयं और मंत्रीगण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए प्रदेश की शहरी और ग्रामीण सड़कों को बेहतर एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए।
The Aman Times



