Blogएक्शनराजनीतिराष्ट्रीय

CM reviews the rescue operation of stranded trekkers-mountaineers in Uttarakhand.

उत्तराखंड में फंसे 179 ट्रेकर्स-माउंटेनियर्स के रेस्क्यू अभियान की सीएम ने की समीक्षा।

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

 

उत्तराखंड में फंसे 179 ट्रेकर्स-माउंटेनियर्स के रेस्क्यू अभियान की सीएम ने की समीक्षा

उत्तरकाशी में 136 में से 40 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, 40 ने फिलहाल रेस्क्यू से किया इनकार; 8 हेलीकॉप्टर तैनात

 

उत्तरकाशी/देहरादून_

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचे और प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान फंसे ट्रेकर्स एवं माउंटेनियर्स के लिए चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की अद्यतन जानकारी लेते हुए फंसे प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 179 ट्रेकर्स एवं माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इनमें 136 उत्तरकाशी और 43 बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में थे।

उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार करते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।

रेस्क्यू अभियान के लिए कुल 8 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आवश्यकता पड़ने पर हवाई संसाधनों का तत्काल उपयोग करने तथा हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय पर रखने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

 

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से भी फोन पर रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। उन्होंने मौसम एवं भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और अभियान की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

 

मुख्यमंत्री ने बैठक में चारधाम यात्रा की वर्तमान व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने चारधाम एवं यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की परिस्थितियों में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहें। मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित आपदा प्रबंधन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button