Chief Minister reached Champawat, inaugurated and laid the foundation stone of many schemes with the resolve to make it an ideal district.
चम्पावत पहुंचे मुख्यमंत्री, आदर्श जनपद बनाने के संकल्प के साथ कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास।

# The Aman Times
- उत्तराखंड ब्यूरो _
## चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प, सीएम धामी ने ₹96 करोड़ की 16 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
**सर्किट हाउस और देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण, ग्राम सभाओं को विकास कार्यों के लिए ₹10-10 लाख देने की घोषणा**
चम्पावत/उत्तराखंड _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत में नवनिर्मित सर्किट हाउस का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने जनपद में लगभग 96 करोड़ रुपये की लागत की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के चम्पावत आगमन पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।
### सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में निर्माणाधीन इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
### प्रत्येक ग्राम सभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से ग्राम सभाएं अपनी जरूरतों के अनुसार पुस्तकालय निर्माण, सड़क सुधार, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन और अन्य जनहितकारी कार्य कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
### अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका है। राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा की। साथ ही जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैम्बर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की।

### ₹1.37 करोड़ से बने रजत जयंती पार्क का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने चम्पावत में 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
### विभिन्न संगठनों और नागरिकों से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने मातृशक्ति, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, मिनिस्टीरियल संवर्ग, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों तथा सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

इसके अलावा सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति और मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

कार्यक्रम में दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय एवं मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चन्द्र पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, शंकर दत्त पाण्डेय, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट, नगर पालिका के नामित सदस्य गौरव पाण्डेय, एसडीएम बीसी पंत, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
**The Aman Times | डोईवाला / देहरादून**



