Blogउत्तराखंडएक्शनजन जागरूक कार्यक्रमजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनपर्यटनमनोरंजनयूथराजनीति

Promotion of sports facilities in Banbasa, CM Dhami laid the foundation stone of many development works including badminton court.

बनबसा में खेल सुविधाओं को बढ़ावा, सीएम धामी ने बैडमिंटन कोर्ट सहित कई विकास कार्यों का किया शिलान्यास।

# The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

## बनबसा में खेल सुविधाओं को बढ़ावा, सीएम धामी ने बैडमिंटन कोर्ट सहित कई विकास कार्यों का किया शिलान्यास

### लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से विकसित होगा आधुनिक ISBT

**बनबसा/चम्पावत।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम, लगन और समर्पण का सम्मान है। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को सम्मानित किया गया।

### महिला खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोहाघाट में लगभग ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। इससे प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

### स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं पर भी जोर

सीएम धामी ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जनपद में ₹20 करोड़ की लागत से बनने वाला 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) विकसित किया जा रहा है। इससे परिवहन और संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं, मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

### CSR से बनेगा बैडमिंटन हॉल

मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत ₹150.20 लाख की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।

### वन विभाग को मिले तीन टाटा योद्धा वाहन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के उपक्रम NHPCL के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से CSR के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने और वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में दायित्वधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, नगर पालिका परिषद बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, एसडीएम प्रमोद कुमार, NHPCL टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button