Blogउत्तराखंडएक्शनजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनराजनीतिराष्ट्रीय

Dr. Dhal Singh Bisen took oath as the Governor of Uttarakhand, CM Dhami congratulated.

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली।।

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और विकास को बताया प्राथमिकता

राज भवन/देहरादून

उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल ने उत्तराखंड पुलिस द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भारत की राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति अधिपत्र को पढ़कर सुनाया, जिसके अनुसार डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

 

देवभूमि की सेवा का अवसर मिलने पर जताया आभार

 

शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरती और यहां की जनता को नमन किया। उन्होंने राज्य की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे पवित्र चारधामों के साथ आदि कैलाश और जागेश्वर धाम इस भूमि की आध्यात्मिक पहचान हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपने अद्वितीय पर्यटन स्थलों के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है।

 

उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी

 

डॉ. बिसेन ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ वीरभूमि भी है। यहां के अनेक परिवारों के सदस्य देश की रक्षा के लिए सेना में सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश की मातृशक्ति सशक्त एवं प्रेरणादायी है, जबकि युवा, किसान और समाज के सभी वर्ग मेहनती एवं कर्मठ हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं विशेषताओं के चलते उत्तराखंड विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार पर रहेगा जोर

 

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने बाबा केदार के प्रांगण से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश के विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा।

 

उन्होंने बताया कि राज्यपाल के रूप में उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना, पद की गरिमा बनाए रखना तथा राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर विकास कार्यों को गति देना शामिल है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही उनका परम ध्येय रहेगा। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button