CM Dhami laid the foundation stone and inaugurated five schemes in Selakui.
सेलाकुई में सीएम धामी ने पांच योजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण।

# The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
## सेलाकुई में सीएम धामी ने किया ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए केंद्र को भेजा प्रस्ताव
सेलाकुई/देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹20.21 करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास और ₹34 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की और स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

### चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में नई सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कुशल चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी और अन्य स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में तैयार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी अपनी योग्यता, मेहनत और सेवाभाव से उत्तराखण्ड का नाम रोशन करेंगे।
### सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए केंद्र को भेजा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। उत्तराखण्ड में वर्तमान में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
### किच्छा में ₹351 करोड़ से बन रहा एम्स सैटेलाइट सेंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण किया जा रहा है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी सुविधाओं को मजबूत बनाया जा रहा है। ऊधमसिंह नगर के किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सुविधाओं का भी उपयोग किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों तथा पैरामेडिकल कार्मिकों की नियुक्तियों के साथ प्रशिक्षण सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
### जापान और जर्मनी में युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला।

उन्होंने जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर जर्मनी में रोजगार हासिल करने वाली उत्तराखण्ड की सपना राणा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और कौशल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड से शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा एम्स, पीजीआई, रेलवे और मिलिट्री नर्सिंग सर्विस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी सेवाएं दे रहे हैं।
### नकल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, डॉ. संजय गौड़, डॉ. गीता जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित
रहे।
**The Aman Times | देहरादून**



