On the instructions of Chief Minister Dhami, major development work in Nainital, Secretary did on-site inspection.
मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर नैनीताल में बड़े विकास कार्य, सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर नैनीताल में पर्यटन और यातायात सुधार को रफ्तार, झीलों के सौंदर्यीकरण से लेकर पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण
नैनीताल/उत्तराखंड_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में नैनीताल जिले में झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 25.67 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। योजना के अंतर्गत प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, बोटिंग डॉक, 4210 मीटर लंबा पैदल मार्ग, पार्किंग सुधार, सोलर लाइटिंग और स्ट्रीट फर्नीचर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 20.97 करोड़ रुपये की योजना में बोटिंग स्टैंड, फ्लोटिंग जेट्टी, पार्किंग, व्यूपॉइंट, गज़ीबो और 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग विकसित किया जाएगा।
कमलताल क्षेत्र को प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित करने की तैयारी है, जहां ओपन शॉपिंग प्लाजा, पैदल पुल, पार्किंग, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य लगभग 96 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। परियोजना पूरी होने पर यहां 124 वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सरोवर पार्किंग परियोजना के तहत 605 चार पहिया और 202 दो पहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी। इसके अलावा नगर पालिका भूमि पर प्रस्तावित ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना से भी बड़ी संख्या में वाहन पार्किंग सुविधा प्राप्त करेंगे।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरी की जाएं तथा जहां कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, वहां शीघ्र कार्य शुरू कराया जाए।
सचिव ने नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परियोजना से जुड़े अभियंता उपस्थित रहे।



