
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न, निर्वाचन आयोग ने दिए निर्देश

21 प्रवर्तन एजेंसियों ने प्रस्तुत किया चुनावी तैयारियों का खाका, ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच को लेकर भी हुई कार्यशाला
देहरादून/उत्तराखंड _
उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का समापन हो गया। बैठक में प्रदेश के दोनों मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस रेंज के वरिष्ठ अधिकारी, सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक सहित केंद्र और राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच पर विशेष जोर
बैठक के पहले दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलों ने प्रस्तुत किया चुनावी तैयारियों का ब्यौरा
बैठक के दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में निर्वाचन की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयार किए गए फोर्स डिप्लॉयमेंट प्लान की जानकारी दी।
आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।

21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी दी जानकारी
बैठक में अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम सहित कुल 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने चुनावी तैयारियों को लेकर अपना प्रस्तुतीकरण दिया। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवेदिता कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विमि सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित प्रदेश के सभी जिलाधिकारी, एसएसपी और एसपी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
The Aman Times — जनहित में जनसमाचार



