
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
अर्जुन शर्मा हत्याकांड में बड़ा एक्शन: सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
देहरादून से बड़ी खबर हैं _
भूमि हड़पने और अवैध लाभ के लिए रची गई थी हत्या की साजिश, एसएसपी दून के नेतृत्व में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देहरादून के बहुचर्चित अर्जुन शर्मा हत्याकांड में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में गिरफ्तार आरोपियों और साजिशकर्ताओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर भूमि विवाद और अवैध आर्थिक लाभ के उद्देश्य से इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था।

गौरतलब है कि 11 फरवरी 2026 को तिब्बती मार्केट, परेड ग्राउंड के निकट अर्जुन शर्मा की स्कूटी सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो शूटरों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था, जिनकी निशानदेही पर हत्या की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों का नाम सामने आया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर भूमि खरीद-फरोख्त के नाम पर अवैध लाभ कमाने और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पूरे घटनाक्रम की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार गैंग लीडर विनोद उनियाल और उसके गिरोह के सदस्यों के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पूर्व से भी कई मामले दर्ज हैं।
देहरादून पुलिस ने लोक व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए कोतवाली डालनवाला में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल द्वारा की जा रही है।
गैंगस्टर एक्ट में नामजद आरोपी:
• विनोद उनियाल (गैंग लीडर)
• संगीता उनियाल
• पंकज राणा
• राजीव उर्फ राजू
• डॉ. अजय खन्ना
• बीना शर्मा
दून पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



