Special train journey leaves from Dehradun to Somnath, CM Dhami shows green flag.
देहरादून से सोमनाथ के लिए विशेष रेल यात्रा रवाना, CM धामी ने दिखाई हरी झंडी

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
हर्रावाला से सोमनाथ के लिए विशेष रेल यात्रा रवाना, CM धामी ने दिखाई हरी झंडी
हर्रा वाला/देहरादून_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के उपलक्ष्य में वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस छह दिवसीय यात्रा में प्रदेशभर से लगभग 700 श्रद्धालु शामिल हुए हैं, जिनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था, पुनर्जागरण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर चल रहा है और उत्तराखंड सरकार भी देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा लागू समान नागरिक संहिता (UCC), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून तथा अतिक्रमण हटाने जैसे कदमों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का संदेश देशभर में पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



