
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
युवा अग्निवीरों के लिए धामी सरकार का बड़ा ऐलान, बनेगा देश का पहला ‘अग्निवीर सेल’
कुंआ वाला/देहरादून_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया, कुआंवाला (देहरादून) में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ स्थापित किया जाएगा। साथ ही पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को विशेष अनुदान, सीमावर्ती गांवों में स्वरोजगार के लिए अवस्थापना सहायता तथा सेवामुक्त अग्निवीरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समर्पित व्यवस्था बनाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा पूर्ण करने वाले अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन सहित राज्य की सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रियाओं में प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और शहीदों के परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख की गई है। आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन, आवेदन की समय सीमा बढ़ाने और युद्ध विधवाओं व दिव्यांग सैनिकों के लिए विशेष सहायता जैसी कई योजनाएं लागू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं एक सैनिक के पुत्र हैं और सैनिकों का अनुशासन, त्याग व राष्ट्रभक्ति उनके जीवन की प्रेरणा रही है। उन्होंने भर्ती घोटालों पर सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए और पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (से.नि.) अजय कोठियाल, मेजर जनरल (से.नि.) गुलाब सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



