
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, 24.30 लाख में से 20.27 लाख नोटिस मतदाताओं तक पहुंचे
देहरादून, 06 अगस्त 2026।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के नोटिस चरण में 24 लाख 30 हजार नोटिसों के मुकाबले अब तक 20 लाख 27 हजार नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 5 अगस्त तक चले दावे एवं आपत्तियों के चरण में अब तक फॉर्म-6 के 57 हजार, फॉर्म-7 के 22,668 तथा फॉर्म-8 के 26,145 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि एसआईआर अभियान को लेकर राजनीतिक दलों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। विधानसभा स्तर पर ईआरओ, जनपद स्तर पर डीईओ तथा प्रदेश स्तर पर सीईओ नियमित बैठकें कर अभियान की समीक्षा कर रहे हैं। नोटिसों की सुनवाई के लिए अधिकारी लगातार फील्ड विजिट कर रहे हैं और मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) को निर्देश दिए हैं कि 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर जारी नोटिसों की सुनवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे एवं सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।
— The Aman Times



