
The Aman Times
अल्मोड़ा के दन्या पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, करोड़ों की विकास योजनाओं की दी सौगात
अल्मोड़ा/उत्तराखंड_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में 4.96 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर भव्य द्वार निर्माण, चमतोला खेल मैदान का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण, खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक प्रदेश पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्री जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। वहीं ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दी जा रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड का तेजी से विकास हो रहा है और प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दायित्वधारी गंगा बिष्ट, कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।



