- The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को मिली रफ्तार, सचिव आवास ने प्रस्तावित टर्मिनल स्टेशनों का किया स्थलीय निरीक्षण
मसूरी/देहरादून_
पर्यटन नगरी मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रस्तावित मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, जिला प्रशासन, नगर पालिका मसूरी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित रोपवे टर्मिनल स्टेशनों और संबंधित भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, पर्यावरणीय संतुलन और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। सचिव आवास ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परियोजना को सुरक्षित एवं व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले लाइब्रेरी चौक क्षेत्र में प्रस्तावित रोपवे मार्ग और टर्मिनल स्टेशन के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान भूमि की उपलब्धता, तकनीकी आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके बाद टीम ने पिक्चर पैलेस (चिक चॉकलेट), जीएमवीएन (मॉल रोड), आईएनआई डिस्पेंसरी, भनौत एस्टेट तथा नहाटा एस्टेट (लाल टिब्बा) में प्रस्तावित टर्मिनल स्टेशनों के संभावित स्थलों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधा, पहुंच मार्ग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और तकनीकी व्यवहार्यता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहाटा एस्टेट क्षेत्र में अपर टर्मिनल स्टेशन के लिए अधिक सुरक्षित एवं उपयुक्त वैकल्पिक स्थान का चयन करते हुए जियो-टेक्निकल अध्ययन के आधार पर संशोधित प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या न आए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखण्ड में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना न केवल पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले लंबे जाम से राहत दिलाएगी, बल्कि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराएगी। साथ ही इससे पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण दल में उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी बृजेश कुमार मिश्रा, एसडीएम मसूरी राहुल आनंद, जेजीएम (सिविल) जय नंदन सिन्हा, नगर पालिका मसूरी के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



