
The Aman Times
देहरादून ब्यूरो_
आजादी के रंग में सजेगा देहरादून, 15 अगस्त को परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस को भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। 15 अगस्त को परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी तथा पीआरडी की टुकड़ियों की सलामी लेंगे।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सकें।

इससे पहले 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी और विभाजन प्रभावित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।

प्रशासन ने 14 अगस्त की शाम प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों के प्रसारण, सरकारी भवनों को रोशनी से सजाने, स्कूलों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध एवं खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए हैं। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’, तिरंगा यात्रा, साइकिल रैली और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भी व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने, कार्यक्रम को प्लास्टिक मुक्त रखने तथा स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।



