Blogउत्तराखंडएक्शनजन जागरूक कार्यक्रमजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनराजनीति

Uttarakhand’s first sports university will be built in Haldwani, CM Dhami laid the foundation.

उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय हल्द्वानी में बनेगा, सीएम धामी ने रखी नींव।

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

उत्तराखंड को मिली नई पहचान: खेलभूमि की ओर बढ़ा एक और कदम, क्रीड़ा विश्वविद्यालय का शिलान्यास

 

हल्द्वानी/उत्तराखंड _

 

राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हल्द्वानी से उत्तराखंड के खेल इतिहास में नया अध्याय जुड़ा है। क्रीड़ा विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को अब उच्च स्तरीय खेल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं राज्य में ही उपलब्ध होंगी।

खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान

 

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट और हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान किए गए।

वर्ष 2024 के लिए एथलेटिक्स की अंकिता को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न तथा एथलेटिक्स के लोकेश चौधरी को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया। वर्ष 2025 के लिए शूटिंग के अभिनव देशवाल को खेल रत्न, क्याकिंग एंड कैनोइंग के मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य और बॉक्सिंग के मुकेश चन्द्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और सरकारी नौकरी का लाभ

 

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है, जबकि 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रवृत्ति और खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है।

 

23 नई हाईटेक खेल अकादमियां बनाने की तैयारी

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों के मजबूत आधारभूत ढांचे के लिए ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना पर काम किया जा रहा है। साथ ही अलग-अलग खेल विधाओं के लिए 23 नई हाईटेक खेल अकादमियों की स्थापना की दिशा में कार्य जारी है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है, जिसे कैबिनेट की मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा। वहीं, खिलाड़ियों की फिटनेस के नियमित मूल्यांकन के लिए ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ भी विकसित किया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल कर ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है। वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन और ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभी से रोडमैप पर काम किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button