Talent of disabled children needs opportunity and support: Ramdas Athawale.
दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को अवसर और सहयोग की जरूरत: रामदास अठावले।

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को अवसर और सहयोग की जरूरत: रामदास अठावले।
देहरादून में राज्य स्तरीय मैपिंग कार्यक्रम का शुभारंभ, समावेशी शिक्षा पर दिया जोर
देहरादून/उत्तराखंड _
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने देहरादून के झाझरा स्थित आईटीआई दून संस्कृति स्कूल में विशिष्ट अधिगम अक्षमता एवं ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों के लिए राज्य के पहले राज्य स्तरीय मैपिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम उत्तराखण्ड राज्य दिव्यांग बाल अभियान के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद किया और दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यालय में पूर्वोत्तर राज्यों के करीब 150 विद्यार्थी और 67 दिव्यांग विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। लगभग 13 एकड़ क्षेत्र में स्थापित संस्थान में विद्यार्थियों को समावेशी वातावरण में शिक्षा प्रदान की जा रही है।
रामदास अठावले ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता और प्रतिभा को कम नहीं करती। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने पैरालंपिक खेलों में भारतीय पैरा-एथलीटों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों ने देश के लिए स्वर्ण सहित कई पदक जीते हैं।

उन्होंने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। संस्थान को मजबूत करने के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय से अनुदान दिलाने में सहयोग का भी आश्वासन दिया।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि देश में 2.68 करोड़ से अधिक दिव्यांगजन हैं और सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार तथा सामाजिक समावेशन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिव्यांगजनों से संबंधित विभिन्न पहलों के लिए करीब 950 करोड़ रुपये के प्रावधान का उल्लेख करते हुए सुगम बुनियादी ढांचे, शिक्षा और आवश्यक सहायता प्रणालियों को मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद तरुण विजय और कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अठावले ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में संचालित विकास कार्यों की भी सराहना की।



