Blogउत्तराखंडएक्शनजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनयूथराजनीतिराष्ट्रीय

Preparations for Pravasi Uttarakhandi Sammelan speed up, it will be organized at international level.

प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों में तेजी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होगा आयोजन.

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों में तेजी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होगा आयोजन

**युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित होगा सम्मेलन, प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता पर जोर**

 

देहरादून/उत्तराखंड _

 

प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 के सफल आयोजन को लेकर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के व्यापक प्रचार-प्रसार, प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता और आयोजन को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित किया जाए, ताकि आयोजन अपनी विशिष्ट पहचान बना सके। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर विशेष जोर दिया।

 

उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ राज्य के विकास में लिया जाए।

 

### दून विश्वविद्यालय में होगा सम्मेलन

 

बैठक में जानकारी दी गई कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने तथा तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन से चार दिन के भीतर अपडेट देने के निर्देश दिए।

### अतिथियों के आवागमन और ठहरने की होगी समुचित व्यवस्था

 

प्रमुख सचिव ने स्थानीय स्तर पर आमंत्रित अतिथियों को चिह्नित करने के साथ ही उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियां भी समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

 

### विकास योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी

 

सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी दी जाएगी।

 

प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को पत्र जारी कर आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि सम्मेलन का आयोजन सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से किया जा सके।

 

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह, सदस्य उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

**The Aman Times | देहरादून**

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button