Emphasis on increasing connectivity in networkless areas before assembly elections.
विधानसभा चुनाव से पहले नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर,

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो_
# देहरादून के 19 शैडो एरिया में पहुंचेगा मोबाइल नेटवर्क, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
**विधानसभा चुनाव से पहले नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर, बीएसएनएल के 170 गांव अभी भी नेटवर्क से वंचित**
**देहरादून।**
जनपद के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिला टेलीकॉम समिति एवं नेशनल ब्रॉडबैंड मिशन की समीक्षा बैठक में दूरसंचार कंपनियों को विधानसभा चुनाव से पहले सभी चिह्नित शैडो एरिया में नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आचार संहिता लागू होने से पहले इन क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए।

## 19 शैडो एरिया पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 19 शैडो एरिया चिह्नित किए गए हैं। इनमें मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सात और चकराता विधानसभा क्षेत्र के 12 क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने बीएसएनएल समेत सभी दूरसंचार कंपनियों को इन क्षेत्रों में नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि मोबाइल टावर स्थापित करने में राजस्व भूमि या वन भूमि से संबंधित कोई बाधा आने पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर तत्काल समाधान किया जाए, ताकि नेटवर्क विस्तार के कार्य में अनावश्यक देरी न हो।

## निष्क्रिय मोबाइल टावर होंगे दुरुस्त
डीएम ने दूरसंचार कंपनियों को अपने मोबाइल टावरों और नेटवर्क कनेक्टिविटी का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो टावर निष्क्रिय हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कर नेटवर्क सेवा बहाल की जाए। जिन क्षेत्रों में किसी भी कंपनी का मोबाइल टावर नहीं है, वहां बीएसएनएल प्राथमिकता के आधार पर नए टावर स्थापित करने की कार्ययोजना पर तेजी से काम करे।
इसके साथ ही ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों तक भारतनेट परियोजना के तहत फाइबर नेटवर्क कनेक्टिविटी का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
## बीएसएनएल के 170 गांव अब भी नेटवर्क से दूर
बैठक में बीएसएनएल के अधिकारियों ने जानकारी दी कि देहरादून जनपद के कुल 767 गांवों में से 597 गांवों में बीएसएनएल की कनेक्टिविटी उपलब्ध है, जबकि 170 गांव अभी नेटवर्क से नहीं जुड़ पाए हैं।

कुंआवाला से लच्छीवाला, दांडी से ऋषिकेश, रायवाला से हरिपुरकलां और दौड़वाला से दूधली तक के वन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी पहुंचाने में कठिनाइयां सामने आ रही हैं। वहीं, फुलसानी, दिरनाद और सिल्ला में नए 4जी मोबाइल टावर स्थापित करने के प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।
4जी मोबाइल टावर सेचुरेशन परियोजना के तहत पूर्व में 24 ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 22 ग्राम पंचायतों में कनेक्टिविटी उपलब्ध करा दी गई है, जबकि रायपुर और सहसपुर क्षेत्र की एक-एक ग्राम पंचायत में वन भूमि संबंधी समस्याओं के कारण कार्य लंबित है।
## भारतनेट परियोजना में भी तेजी लाने के निर्देश
भारतनेट परियोजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रथम चरण में जनपद की 209 ग्राम पंचायतों को कनेक्ट किया गया था, लेकिन फाइबर केबल कटने के कारण वर्तमान में 69 ग्राम पंचायतों में कनेक्टिविटी प्रभावित है।
परियोजना के दूसरे चरण में कुल 228 ग्राम पंचायतों में से 189 को कनेक्ट किया जा चुका है, जबकि शेष 39 ग्राम पंचायतों में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का कार्य जारी है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फाइबर कटने से प्रभावित ग्राम पंचायतों में नेटवर्क बहाल करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और वन क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, डीजीएम बीएसएनएल रणवीर सिंह चौहान, एसडीई मोबाइल नीरज कुमार, मैनेजर डीआईसी सिद्धार्थ नेगी सहित विभिन्न विभागों और दूरसंचार कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे।
**The Aman Times | देहरादून**



