Blogउत्तराखंडएक्शनजन जागरूक कार्यक्रमजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनपर्यटनमनोरंजनयूथराजनीति

The purpose of education is also to make a good human being: Chief Minister Pushkar Singh Dhami.

शिक्षा का उद्देश्य अच्छा इंसान बनाना भी है: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

# The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

 

## शिक्षा का उद्देश्य अच्छा इंसान बनाना भी है: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

 

**द टॉसब्रिज स्कूल के संस्कार दिवस एवं स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मुख्यमंत्री, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों को अपनाने का किया आह्वान**

 

देहरादून/उत्तराखंड _

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संस्कार दिवस केवल विद्यालय की स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर भी है। वह बुधवार को देहरादून स्थित द टॉसब्रिज स्कूल में आयोजित संस्कार दिवस एवं स्थापना दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक और व्यावसायिक रूप से सफल बनाना नहीं, बल्कि उन्हें एक अच्छा इंसान बनाना भी है। ज्ञान व्यक्ति को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है, जबकि संस्कार उसे सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने चरित्र, अनुशासन, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को जीवन में विशेष महत्व देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को महत्व देने के लिए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की।

### डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने का किया आह्वान

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि द टॉसब्रिज स्कूल का उद्घाटन वर्ष 2015 में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने और उनकी आत्मकथा *‘Wings of Fire (अग्नि की उड़ान)’* पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन सिखाता है कि बड़े सपने देखने के साथ उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और समर्पण भी आवश्यक है। उनके अनुभव विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं।

 

### आधुनिक ज्ञान के साथ संस्कारों का समन्वय जरूरी

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रौद्योगिकी, नवाचार और आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाला समय नई तकनीकों, कौशल और रचनात्मकता का है। ऐसे में विद्यार्थियों को आधुनिक विषयों में दक्षता हासिल करने के साथ योग, ध्यान, अनुशासन और संस्कारों को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक ज्ञान और भारतीय जीवन मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को मजबूत बनाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल विकास और रचनात्मकता को विशेष महत्व दिया गया है।

 

### युवाओं को रोजगार देने के साथ रोजगार सृजन के लिए भी प्रोत्साहित कर रही सरकार

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन करने के लिए भी प्रोत्साहित करना है। इससे युवा आत्मनिर्भर बनकर प्रदेश और देश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे सकेंगे।

 

भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल पर अंकुश लगाने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने इसे युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

 

### विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की होगी अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षित, संस्कारित, कुशल और आत्मनिर्भर युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

 

उन्होंने विश्वास जताया कि द टॉसब्रिज स्कूल के विद्यार्थी अपने ज्ञान, प्रतिभा और अच्छे संस्कारों के बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

 

समारोह में विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशासन से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

**The Aman Times | देहरादून**

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button