
The Aman Times
दिल्ली/उत्तराखंड ब्यूरो
राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुईं उत्तरकाशी की एएनएम पूजा परमार राणा
राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार 2026 से नवाजी गईं
उत्तरकाशी/दिल्ली_
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति Droupadi Murmu द्वारा वर्ष 2026 के राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड के जनपद Uttarkashi स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ (ANM) के पद पर कार्यरत सुश्री पूजा परमार राणा को हिमालयी अंचल के संवेदनशील एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में विगत 15 वर्षों से दी जा रही समर्पित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

सुश्री राणा ने कोविड-19 महामारी के दौरान यमुना नदी तटवर्ती क्षेत्रों में पहली वैक्सीनेटर के रूप में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके अथक प्रयासों से दूरस्थ क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल किया गया और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित हुई।

उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा समुदाय के समग्र कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सराहा गया।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पूर्व में राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्राप्त करना न केवल उनके समर्पण और कार्यकुशलता का प्रतीक है, बल्कि यह पूरे उत्तराखण्ड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।



