
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
माँ वाराही धाम बनेगा धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र : मुख्यमंत्री धामी
चंपावत से बड़ी खबर हैं _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद चम्पावत के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम, देवीधुरा पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ वाराही धाम उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। धाम का विकास इसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभूति भी मिल सके।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में माँ वाराही धाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

बताया गया कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का भव्य नवनिर्माण कार्य आगामी दो से तीन वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग होगा, जबकि स्थापत्य एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



