Chief Minister Shri Pushkar Singh Dhami gave the gift of development schemes in Khatima.
खटीमा में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास योजनाओं की दी सौगात।

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
खटीमा में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास योजनाओं की दी सौगात।
खटीमा को मिली विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया ₹89 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण
खटीमा/उद्यम सिंह नगर _
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में ₹89 लाख की लागत से तैयार विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने ₹55 लाख की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, ₹7.50 लाख की लागत से आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा ₹26.50 लाख की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सभी सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “दीदी की लाइब्रेरी” प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पुस्तकालय विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते थे, लेकिन यह लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी लगातार कार्य कर रही है और इसी क्रम में इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
व्यायामशाला भवन के आधुनिकीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह केंद्र युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे फिट इंडिया मूवमेंट के तहत उत्तराखण्ड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार लगातार कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



