On Harela, CM Dhami planted saplings in Malagram, inspected the herbal park.
हरेला पर सीएम धामी ने मालाग्राम में किया पौधरोपण, हर्बल पार्क का किया निरीक्षण.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
हरेला पर सीएम धामी ने मालाग्राम में किया पौधरोपण, हर्बल पार्क का किया निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल/उत्तराखंड_
हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा हरित उत्तराखंड का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।

उन्होंने बताया कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का अनूठा हर्बल पार्क है, जहां विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।

इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



