
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण
देहरादून/उत्तराखंड _
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून का पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं के साथ दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनकर उभरा है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को भी विशेष स्थान दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक और सुरक्षित बन रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनें देश की नई पहचान बनी हैं। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में रेल संपर्क का सपना जल्द साकार होगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष केंद्र सरकार ने उत्तराखण्ड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट दिया है और प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राज्य के विकास, पर्यटन और यात्री सुविधाओं को नई दिशा देगा तथा विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा। कार्यक्रम में रेलवे और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



