
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
पर्यटकों के लिए खुली फूलों की घाटी, आज से शुरू हुआ प्राकृतिक खूबसूरती का दीदार
चमोली से खबर हैं _
देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बहुप्रतीक्षित फूलों की घाटी आज से खोल दी गई है। नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन द्वारा घाटी को पर्यटकों के लिए खोलने के साथ ही अब प्रकृति प्रेमी और ट्रेकर्स यहां पहुंचकर हिमालयी सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे।

फूलों की घाटी को प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं माना जाता। यहां बड़ी संख्या में दुर्लभ हिमालयी जड़ी-बूटियां और रंग-बिरंगे फूल पाए जाते हैं। घाटी की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक महत्व को देखते हुए यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल का दर्जा दिया है।

हर वर्ष जून के शुरुआती सप्ताह में घाटी पर्यटकों के लिए खोली जाती है और सामान्यतः अक्टूबर के अंत या बर्फबारी शुरू होने तक खुली रहती है। मानसून के आगमन के साथ घाटी में फूल खिलना शुरू हो जाते हैं और जुलाई से सितंबर के बीच यहां प्राकृतिक खूबसूरती अपने चरम पर पहुंच जाती है।

इस दौरान ब्रह्म कमल, ब्लू पोस्ता, कोबरा लिली समेत सैकड़ों दुर्लभ प्रजातियों के फूल घाटी की सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं। घाटी खुलने से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय और रोजगार को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



