Sixth ‘Lok Samvardhan Parv’ inaugurated in Dehradun, CM Dhami and Kiren Rijiju participated.
देहरादून में छठे 'लोक संवर्धन पर्व' का शुभारंभ, सीएम धामी और किरेन रिजिजू रहे शामिल.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
देहरादून में छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ, उत्तराखंड बना आयोजन में साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य
- देहरादून/उत्तराखंड _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की उपस्थिति में परेड ग्राउंड, देहरादून में छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

11 से 15 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देशभर के शिल्पकार, हस्तशिल्पी, लोक कलाकार, उद्यमी और पाक कला विशेषज्ञ अपनी पारंपरिक कला, शिल्प एवं स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को विशेष स्थान दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ लोक संवर्धन पर्व के आयोजन में साझेदारी करने वाला वह देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा, बल्कि शिल्पकारों, हस्तशिल्पियों और लोक कलाकारों को नए बाजार, नए अवसर और नई पहचान भी प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘एक जनपद दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक कौशल और कारीगरों के सम्मान का राष्ट्रीय उत्सव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत आयोजित यह महोत्सव शिल्पकारों को विपणन, ब्रांडिंग और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन में साझेदारी करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है।



