Garhwal Commissioner in action regarding voter list revision, inspected Doiwala booths.
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर गढ़वाल आयुक्त एक्शन में, डोईवाला के बूथों का किया निरीक्षण.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
गढ़वाल आयुक्त पहुंचे डोईवाला तहसील, मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियों का किया निरीक्षण।
डोईवाला/देहरादून से बड़ी खबर है _
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने शनिवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 23-डोईवाला के अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण की तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही तहसील डोईवाला में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अर्पणा ढौंडियाल, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एम.एल. शाह, बीएलओ पर्यवेक्षक और संबंधित बीएलओ भी मौजूद रहे। आयुक्त ने राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लच्छीवाला (भाग संख्या-170), राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय लच्छीवाला (भाग संख्या-171), नगर पालिका परिषद लच्छीवाला (भाग संख्या-172) तथा राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय प्रेमनगर डोईवाला (भाग संख्या-158 एवं 159) में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान कक्ष के बाहर भाग संख्या एवं क्रमांक स्पष्ट रूप से अंकित किए जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रकाशित ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली के संबंध में 20 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस जारी किए जाएंगे। इस अवधि में अनमेट मतदाता, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं एवं अन्य विसंगतियों से जुड़े मामलों का परीक्षण कर दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में 25 जुलाई से 17 अगस्त तक नोटिसों का वितरण एवं तामील किया जाएगा। प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई 24 अगस्त तक पूरी होगी, जबकि प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 से संबंधित सभी मामलों का अंतिम निस्तारण 31 अगस्त तक किया जाएगा।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रथम चरण में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर जानकारी मांगी। इस पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि ऐसे पात्र नागरिक बीएलओ के माध्यम से प्रपत्र-6 एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। वहीं नाम विलोपन के लिए प्रपत्र-7 तथा नाम, पता, स्थानांतरण एवं दिव्यांग चिन्हांकन से संबंधित संशोधन के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है।

आयुक्त ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथवार अनमेट मतदाताओं का विश्लेषण करने और जिन बूथों पर ऐसे मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहां विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन नामावली में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना चाहिए और पुनरीक्षण का पूरा कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न किया जाए। बैठक में निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ पर्यवेक्षकों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।



